Showing posts with label प्रो. इन्दु पाण्डेय खण्डूड़ी. Show all posts
Showing posts with label प्रो. इन्दु पाण्डेय खण्डूड़ी. Show all posts

Friday, May 21, 2021

700 ..ज़िन्दगी की कवायद ...प्रो. इन्दु पाण्डेय खण्डूड़ी

जब चारों ओर,
मौत की दहशत पसरी है,
सुबह- सुबह ही,
सूरज की लालिमा में,
चिताओं की धुआँ,
अपनी कालिमा ले उड़ती है,
फिर धू-धू की लपटों के साथ,
एक अस्तित्त्व भस्मीभूत कर देती है।
धीरे- धीरे मौत का दर्द
दुखी होने का अवसर कहाँ देता है।
एक के बाद एक,पूरा परिवार महामारी में खत्म हो जाता है।
अख़बार में एक ओर,
मौत के आँकड़े, लाशों और चिताओं की
दिल दहलाने वाली तस्वीरें,
और इन सबके बीच एक नसीहत
दुःख और अवसाद से बाहर निकल 
जैसे भी हो खुश रहना और इसके साथ ही 
मौत के सिलसिले में 
बेमन से ज़िन्दगी जीने की 
कवायद इंसान करने लगता है।
-प्रो. इन्दु पाण्डेय खण्डूड़ी